बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता आज अपना 40 वां जन्मदिन मना रही हैं। लारा का जन्म 16 अप्रैल 1978 को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। लारा ने 2003 में बॉलीवुड फिल्म अंदाज़ से डेब्यू किया था। जिसमें उनके अपोज़िट अक्षय कुमार थे, जबकि एक और ब्यूटी क्वीन प्रियंका चोपड़ा पैरेलल फ़ीमेल लीड रोल में थीं। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था।
लारा ने चुनी हुई फ़िल्मों में ही काम किया है। बिल्लू, नो एंट्री, पार्टनर, हाउसफुल उनके करियर की यादगार परफॉर्मेंसेज़ हैं। लारा दत्ता ने साल 2000 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। 2011 में लारा ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी शुरू की और चलो दिल्ली का निर्माण किया। विनय पाठक ने उनके साथ फ़िल्म में मुख्य किरदार निभाया।
लारा के पिता एलके दत्ता एयरफोर्स में विंग कमांडर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। लारा की मां का नाम जेनिफर दत्ता है, जो एक एंग्लो इंडियन हैं।
अमेरिका में एक कैंडल लाइट डिनर के दौरान महेश भूपति ने लारा दत्ता को अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया। बताया जाता है कि ये अंगूठी खुद महेश ने ही डिजाइन की थी। ये वो वक्त था जब महेश यूएस ओपन खेलने न्यूयॉर्क गए हुए थे। हालांकि जब तक दोनों ने ऑफिशियली सगाई नहीं कि एकदूसरे को सिर्फ अपना अच्छा दोस्त बताया। इसके बाद साल 2011 में दोनों ने बांद्रा में शादी कर ली थी। दोनों की एक बेटी भी है।