चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मैनपुरी की कंचन यादव ने शिकायत की है। इसमें सरकारी भवनों के भगवा रंग के साथ-साथ अन्य सरकारी संपत्ति के रंग पर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने सरकारी भवनों के भगवा रंग व अन्य ऐसी सरकारी संपत्ति जिसका रंग भाजपा सरकार में भगवा कराया गया पर आपत्ति जताई है।
उनका कहना है कि आचार संहिता के दौरान किसी भी पार्टी के रंग का प्रचार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिले के परिषदीय विद्यालय भी इस बार भाजपा के रंग से मिलते जुलते रंगवाए गए हैं। इतना ही नहीं रोडवेज बसों का रंग भी बदलकर भगवा कर दिया गया है।
नगर पालिका और डीसीबी कार्यालय भी है भगवा
चुनाव की घोषणा के बाद भी इनका रंग नहीं बदलवाया गया है, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। शिकायत के बाद प्रशासन ने शिकायत का निराकारण करने के लिए रिपोर्ट उप जिलाधिकारियों को प्रेषित की है।
शहर में ऐसे कई कार्यालय हैं, जो भगवा रंग में रंगे हुए हैं। पालिका का रंग जहां भगवा है तो वहीं सहकारी बैंक में भी रंग भगवा करा दिया गया था। इसके अलावा सभी नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का रंग भी भगवा ही कराया गया है। चुनाव की घोषणा के बाद अब तक इन कार्यालयों का रंग नहीं बदलवाया गया है।
जिले के प्रभारी निर्वाचन अधिकारी प्रेमप्रकाश ने बताया कि आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित जो भी शिकायतें आ रही हैं, उनका निस्तारित कराया जा रहा है। जल्द ही शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाएगा।