लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2019) से पहले सभी राजनैतिक पार्टियां सोशल मीडिया पर कैंपेनिंग के लिए जबरदस्त जोर लगाती हुई दिख रही हैं। शनिवार को बीजेपी (BJP) आईटी सेल ने ‘मैं भी चौकीदार’ (Main Bhi Chowkidar) हैशटैग की कैंपेनिंग के लिए पुरजोर कोशिश की। हाल तो कुछ ऐसा रहा कि सिर्फ इंडिया में ही नहीं बल्कि वर्ल्डवाइड में #MainBhiChowkidar ट्रेंड कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के लगभग सभी नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस हैशटैग के साथ Tweet किए वहीं भाजपा नेता एमजे अकबर (MJ Akbar) ने भी इस कैंपन में शामिल होते हुए एक Tweet किया। इस Tweet के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस ने कुछ ऐसा जवाब दिया कि एमजे अकबर का यह Tweet इंटरनेट पर वायरल हो गया।
भाजपा नेता एमजे अकबर ने अपने ऑफिशियल Twitter अकाउंट पर Tweet किया, ‘मुझे #MainBhiChowkidar कैंपेन में शामिल होने पर गर्व है। एक नागरिक होने के नाते भारत से प्यार करता हूं। मैं भ्रष्टाचार, गंदगी, गरीबी और आतंकवाद को हटाने की पूरी कोशिश करूंगा और एक नया भारत बनाने में मदद करूंगा जो मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध हो।’
इस Tweet के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस रेणुका शहाणे (Renuka Shahane) ने जवाब दिया। उन्होंने इस Tweet पर रिप्लाई किया और लिखा, ‘अगर आप भी चौकीदार हैं तो कोई महिला सुरक्षित नहीं।’ रेणुका शहाणे ने हैशटैग में लिखा, ‘बेशर्मी की हद’ और इंडिया मीटू को टैग किया।
बता दें, #MeToo अभियान में यौन शोषण का आरोप लगने के बाद बीजेपी नेता एमजे अकबर ने विदेश राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। अकबर पर करीब 20 महिला पत्रकारों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। अकबर के इस्तीफे के लिए विपक्षी पार्टी समेत तमाम दलों ने इस्तीफा देने की मांग की थी।