गढ़वाल से भाजपा के सांसद तीरथ सिंह रावत बुधवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री बन गये। यहां राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में दिल्ली से आये भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि एक-दो दिन में उनके मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के 4 साल के कार्यकाल में विकास की मजबूत आधारशिला रखी जा चुकी है और अब इस पर भव्य इमारत बननी है। उन्होंने कहा कि नये मुख्यमंत्री केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तराखंड में पूर्ववर्ती त्रिवेंद रावत सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे और बाकी बचे एक साल में जनता के लिए बेहतर काम करेंगे।
गौर हो कि प्रदेश भाजपा में उठापटक के बीच त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बुधवार सुबह भाजपा विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह को नया नेता चुना गया और इसकी घोषणा त्रिवेंद्र सिंह ने की।